नई दिल्ली, 6 सितंबर 2025: एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से यूएई में होने जा रही है, और भारतीय टीम की प्लेइंग XI को लेकर चर्चा गर्म है। दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने संजू सैमसन को लगातार मौका देने की वकालत की है। उन्होंने साफ कहा कि संजू जैसे खिलाड़ी को रिजर्व में नहीं रखा जा सकता। लेकिन, शुभमन गिल की वापसी ने मिडिल ऑर्डर में उलटफेर कर दिया है, और रिंकू सिंह या शिवम दुबे में से एक को बाहर बैठना पड़ सकता है।
संजू सैमसन को नंबर-3 पर मौका
गावस्कर ने कहा, “संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी को 15 सदस्यीय टीम में चुन लिया गया है, तो उन्हें प्लेइंग XI में होना चाहिए। वह नंबर-3 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं या जरूरत पड़े तो फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं।” शुभमन गिल, जो उप-कप्तान के तौर पर वापसी कर रहे हैं, अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करेंगे। ऐसे में मिडिल ऑर्डर में संजू को जगह देने के लिए तिलक वर्मा को नंबर-5 या 6 पर भेजा जा सकता है।
रिंकू सिंह या शिवम दुबे में से एक बाहर
मिडिल ऑर्डर में सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, और हार्दिक पंड्या पहले से मौजूद हैं। गावस्कर का मानना है कि अक्षर पटेल की ऑलराउंड क्षमता के कारण रिंकू सिंह या शिवम दुबे में से एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। अक्षर बाएं हाथ के बल्लेबाज और चार ओवर गेंदबाजी का विकल्प देते हैं। गावस्कर ने कहा, “रिंकू या दुबे को मौका इंतजार करना पड़ सकता है।”
ये भी पढ़ें:UP T20 League में बॉलीवुड का तड़का: तमन्ना, दिशा, सुनिधि, सिद्धार्थ-जाह्नवी ने मचाया धमाल
छह गेंदबाजों की रणनीति
गावस्कर ने सुझाव दिया कि भारत छह गेंदबाजों के साथ उतरेगा—तीन तेज गेंदबाज, दो स्पिनर, और हार्दिक पंड्या। उन्होंने कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को स्पिनर के तौर पर चुना और हर्षित राणा को तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में शामिल करने की बात कही। उन्होंने कहा, “टी20 में बल्लेबाजी को 8 नंबर तक नहीं खींचा जाता। गेंदबाजी में विविधता जरूरी है ताकि किसी एक गेंदबाज के खराब दिन पर दूसरा विकल्प तैयार हो।”
जसप्रीत बुमराह पर कोई चिंता नहीं
जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड को लेकर उठ रही चिंताओं को गावस्कर ने खारिज किया। उन्होंने कहा, “टी20 में सिर्फ चार ओवर फेंकने हैं, जो बुमराह जैसे फिट और स्किल्ड खिलाड़ी के लिए कोई समस्या नहीं। वह छोटे-छोटे स्पेल में गेंदबाजी करते हैं।”
संजू बनाम जितेश
संजू सैमसन और जितेश शर्मा के बीच विकेटकीपर की जंग भी चर्चा में है। गावस्कर का मानना है कि शुरुआती दो मैचों में संजू को जितेश पर तरजीह मिलेगी, लेकिन आगे का फैसला उनकी फॉर्म पर निर्भर करेगा। जितेश ने आईपीएल में फिनिशर के तौर पर शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन गावस्कर संजू को पहली पसंद मानते हैं।
भारत की संभावित XI
- ओपनर: शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा
- मिडिल ऑर्डर: संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या
- ऑलराउंडर: अक्षर पटेल
- गेंदबाज: कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा
