भारत और बांग्लादेश की व्हाइट बॉल सीरीज अगस्त 2025 में होनी थी, लेकिन राजनीतिक तनाव के चलते इसे सितंबर 2026 के लिए स्थगित कर दिया गया था। अब इस दौरे पर नया अपडेट सामने आया है।
खबर की अहम बातें
भारतीय टीम को बांग्लादेश दौरे पर 3 वनडे और 3 टी20 मैच खेलने थे। अब BCB अध्यक्ष तमीम इकबाल ने बताया है कि दोनों बोर्ड्स के बीच सीरीज को लेकर बातचीत जारी है।
भारतीय टीम को पिछले साल अगस्त में बांग्लादेश टूर पर जाना था, लेकिन राजनीतिक तनाव के चलते सीरीज को स्थगित कर दिया गया था। लंबे अरसे बाद भी इस सीरीज पर अंतिम फैसला नहीं लिया जा सका है। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने इस विषय पर नया बयान जारी किया है।
उम्मीद की जा रही थी कि भारत और बांग्लादेश की व्हाइट बॉल सीरीज सितंबर महीने में खेली जा सकती है, लेकिन BCCI ने हाल ही में अफगानिस्तान के साथ तीन टी20 मैचों की सीरीज का एलान किया था। यह सीरीज सितंबर में खेली जाएगी। टीम इंडिया के शेड्यूल को देखें तो अगस्त से लेकर दिसंबर 2026 तक उसे खूब सारे मैच खेलने हैं।
भारत-बांग्लादेश सीरीज पर क्या है नया अपडेट?
बांग्लादेश टूर पर भारतीय टीम को 3 वनडे और 3 टी20 खेलने थे, लेकिन इस टूर को अगस्त 2025 से सितंबर 2026 के लिए स्थगित किया गया था। एक तरफ BCCI ने इस टूर के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन बीसीबी अध्यक्ष तमीम इकबाल का कहना है कि सीरीज को लेकर बातचीत जारी है।
ढाका में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में BCB अध्यक्ष तमीम इकबाल ने कहा, “सीरीज को लेकर दोनों देशों के बोर्ड के बीच बातचीत जारी है। तारीखों में फेरबदल संभव है।”
घरेलू टूर्नामेंट के कारण तारीखों में टकराव
भारत और बांग्लादेश के बीच सीरीज को लेकर अनिश्चितता इसलिए भी बढ़ गई है, क्योंकि बीसीबी ने हाल ही में गेम डेवलपमेंट ट्रॉफी का एलान किया था। इस कम्पटीशन का आयोजन 28 अगस्त से 9 सितंबर तक होना है। इन तारीखों का भारत-बांग्लादेश सीरीज के संभावित शेड्यूल से टकराव होगा, इसलिए इंटरनेशनल सीरीज पर अब भी सवालिया निशान लगे हैं।
तमीम इकबाल ने यह स्पष्ट किया कि यह डोमेस्टिक टूर्नामेंट मीरपुर में खेला जाएगा, लेकिन अगर भारत के साथ सीरीज पर मुहर लग जाती है तो इस कम्पटीशन को मीरपुर से बसुन्धरा शिफ्ट कर दिया जाएगा। बीसीसीआई ने अब तक इस टूर के लिए ना तो हामी भरी है और ना ही मनाही की है। इसलिए बीसीबी आशावादी होकर प्रयासों में जुटा है।
BCB के कड़े फैसले: BPL भी हुआ सस्पेंड
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड फिलहाल बदलाव के दौर से गुजर रहा है। बोर्ड ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) को सस्पेंड करने तक का कठिन निर्णय ले लिया है, क्योंकि पिछले 2 साल से BPL के कारण बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को घाटा हो रहा था। वहीं अब बुनियादी रूप से लीग के ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
